पहाड़ की बेटी का कमाल! डॉ. मोनिका राणा बनीं तेनकासी की पहली महिला DM
उत्तराखंड के जौनसार क्षेत्र की बेटी डॉ. मोनिका राणा ने बढ़ाया प्रदेश का मान, तमिलनाडु के तेनकासी जिले की संभाली जिलाधिकारी की जिम्मेदारी।
देहरादून। उत्तराखंड की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत से देशभर में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में देहरादून जिले के जौनसार क्षेत्र की रहने वाली आईएएस अधिकारी डॉ. मोनिका राणा ने एक और उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मोनिका राणा को तमिलनाडु के तेनकासी जिले का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह इस जिले की पहली महिला जिलाधिकारी बनी हैं।
जौनसार के नाडा गांव से प्रशासनिक सेवा तक का सफर
डॉ. मोनिका राणा मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून जिले के जौनसार क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका पैतृक गांव नाडा, लाखामंडल बताया जाता है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में 577वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई थी। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मेडिकल की पढ़ाई के बाद चुनी प्रशासनिक सेवा
डॉ. मोनिका राणा ने मेडिकल की पढ़ाई की है। उन्होंने मद्रास मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा में अपना करियर बनाया और तमिलनाडु कैडर में आईएएस अधिकारी के रूप में सेवाएं देने लगीं।जिलाधिकारी बनने से पहले वह तिरुनेलवेली नगर निगम में आयुक्त के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा वह सहायक कलेक्टर, अतिरिक्त कलेक्टर (विकास) और प्रोजेक्ट ऑफिसर जैसे पदों पर भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं डॉ. मोनिका
डॉ. मोनिका राणा का मेडिकल क्षेत्र से प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने का सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी नई जिम्मेदारी न केवल उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि उत्तराखंड के जौनसार क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।डॉ. मोनिका राणा की सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर युवा देश के किसी भी हिस्से में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।


