ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में गंदगी का अंबार, दुर्गंध से यात्री परेशान

खबर शेयर करें -

भाजपा मंडल ने स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन, जल्द सफाई और समस्या के निस्तारण की उठाई मांग

ऋषिकेश। शहर के पुराने रेलवे स्टेशन की पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में फैली गंदगी ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई दिनों से जमा वर्षा के गंदे पानी और कूड़े-कचरे के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। हालात ऐसे हैं कि गंदा पानी सड़क तक पहुंच रहा है, जिससे राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या को लेकर भाजपा ऋषिकेश मंडल की ओर से स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा गया। मंडल ने रेलवे स्टेशन की पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही जमा गंदे पानी की निकासी और कूड़े के निस्तारण की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया कि रेलवे रोड ऋषिकेश के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन की पार्किंग में गंदगी और दुर्गंध का फैलना आम जनता के साथ ही शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को दुर्गंध व गंदे पानी से राहत मिल सके।

Ad