सत्यनिष्ठा और संविधान पर छात्रों की परख, क्विज में कृष्णा शर्मा ने मारी बाजी

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं के सामान्य ज्ञान, संवैधानिक समझ और जागरूकता को परखने का प्रयास किया गया।

महाविद्यालय की एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारतीय संविधान, मौलिक कर्तव्यों और उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की कृष्णा शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं बीए तृतीय सेमेस्टर की पूजा दूसरे और बीए प्रथम सेमेस्टर की प्रीति तीसरे स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के दौरान समिति के संयोजक डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने विद्यार्थियों को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व और इसके तहत आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और जागरूक नागरिकता की भावना को मजबूत करना है।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में अर्थशास्त्र विभाग की प्रभारी डॉ. सुधा रानी की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर बीए, बीएससी और बीसीए के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Ad