उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 1 नवंबर तक बारिश के आसार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान और उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ने और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है।

दो मौसमी प्रणालियों से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम में संभावित बदलाव के पीछे दो प्रमुख मौसमी प्रणालियों को वजह माना जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट तक पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा, मंगलवार रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इन दोनों प्रणालियों के असर से उत्तराखंड के मौसम में भी परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

हालांकि, प्रदेश में होने वाली बारिश को केवल चक्रवात से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है। स्थानीय मौसमी परिस्थितियां और पश्चिमी विक्षोभ भी इसमें अहम भूमिका निभा सकते हैं।

40 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

बारिश के साथ प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। इस दौरान हवा के तेज झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के संकेत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल दिखाई दे रहे हैं।

मंगलवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि बुधवार से मौसम में बदलाव की शुरुआत हो सकती है। आगामी दिनों में बारिश, तेज हवाओं और ऊंचाई वाले इलाकों में संभावित बर्फबारी के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Ad