रेखा आर्या का पलटवार: ‘तहरीर में लगाए गए आरोप सही’, 210 करोड़ की संपत्ति के दावों को बताया निराधार
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति के आरोपों पर मंत्री ने जवाब देते हुए इन्हें निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कैंट थाने में दी गई तहरीर में दर्ज आरोप सही हैं। इस दौरान उन्होंने गोल्ज्यू देवता की कसम खाते हुए भी अपनी बात रखी।
शनिवार सुबह पत्रकारों से बातचीत में रेखा आर्या ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में अपनी आय का विवरण दिया है। ऐसे में उनकी संपत्ति को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताया।
पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मामले की शुरुआत तब हुई, जब मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में हत्या की साजिश रचने, घरेलू हिंसा समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद मंत्री ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर पूरे प्रकरण के बारे में अपनी बात रखी थी।
वीडियो सामने आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें डालनवाला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
210 करोड़ की संपत्ति के आरोपों पर दिया जवाब
विवाद के बीच गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी कर मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की थी। अब रेखा आर्या ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपनी आय और संपत्ति के संबंध में चुनावी हलफनामे का हवाला दिया है।
गोल्ज्यू देवता का लिया नाम
पत्रकार वार्ता के दौरान रेखा आर्या ने गोल्ज्यू देवता का जिक्र करते हुए कहा कि गोल्ज्यू देवता उनके इष्ट हैं, लेकिन गिरधारी लाल साहू की आस्था के बारे में वह कुछ नहीं कह सकतीं। उन्होंने अपनी शिकायत में लगाए गए आरोपों को सही बताते हुए अपना पक्ष रखा।
पति-पत्नी के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से सामने आए दावों के बीच मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।


