Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 11 जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का यलो अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण बढ़ रही गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, देहरादून और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं तीव्र वर्षा होने के आसार जताए गए हैं।

इन 11 जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

मौसम में आने वाले इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की स्थिति में सावधानी बरतना जरूरी है।

शुक्रवार को पांच जिलों में भी चेतावनी

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी पांच जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

धूप और गर्मी के बीच बदलेगा मौसम

प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप के चलते तापमान में गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी हुई है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

Ad