दिवाली पर पहाड़ों में बदलेगा मौसम, पांच जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में दिवाली के आसपास मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 8 और 9 नवंबर को पांच पर्वतीय जिलों के लिए मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। इसके अलावा पर्वतीय घाटियों में कुछ स्थानों पर कोहरा छाने के भी आसार हैं।
दूसरी ओर, प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। राजधानी देहरादून में भी फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। यहां दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऐसे में पहाड़ों में जहां ठंड बढ़ने के संकेत हैं, वहीं मैदानी क्षेत्रों में धूप के चलते मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है।


