खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिला प्रशासन देहरादून ने विद्यालयी शिक्षा को आधुनिक, तकनीकी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जनपद के सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधा विकसित करने के उद्देश्य से कुल 880 स्मार्ट टीवी क्रय किए गए हैं। इन स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल, इंटरएक्टिव एवं दृश्य-आधारित शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सरकारी विद्यालय भी निजी विद्यालयों की भांति आधुनिक शिक्षा से जुड़ सकेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष से संचालित ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों को सुविधासंपन्न बनाया जा रहा है। इस परियोजना के तहत विद्यालयों में आवश्यक भौतिक एवं शैक्षिक संसाधनों को सुदृढ़ किया गया है। अधिकांश विद्यालयों को फर्नीचरयुक्त कर दिया गया है तथा खेल अवस्थापना, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, मंकीनेट, लाइब्रेरी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय भी शहरी विद्यालयों के समान संसाधनों से युक्त हों।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार क्रय की गई स्मार्ट टीवी सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्री-डिस्पेच इंस्पेक्शन (पीडीआई) कराया जाएगा। इसके अंतर्गत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी स्वयं कंपनी के विनिर्माण स्थल, पांडिचेरी जाकर उपकरणों का भौतिक निरीक्षण करेंगे।निरीक्षण के दौरान स्मार्ट टीवी की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रावधानों एवं निर्धारित विनिर्देशों के अनुरूपता की विस्तृत जांच की जाएगी। अधिकारियों द्वारा संतोषजनक पाए जाने के पश्चात ही सामग्री को जनपद में भेजने की अनुमति प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि विद्यालयों को उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण प्राप्त हों और सार्वजनिक धन का उपयोग पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।

स्मार्ट क्लास परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑडियो-विजुअल सामग्री, ई-कंटेंट, एनिमेशन एवं इंटरएक्टिव पाठ्यसामग्री के जरिए पढ़ाया जाएगा। इससे कठिन विषयों को भी सरल एवं रोचक तरीके से समझाया जा सकेगा। शिक्षकों को भी पढ़ाने में सुविधा होगी तथा कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ेगी।ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी डिजिटल शिक्षा संसाधनों का लाभ मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में समानता आएगी। यह पहल नई शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

जिला प्रशासन, देहरादून शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। स्मार्ट क्लास परियोजना से जनपद के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा तथा भविष्य की डिजिटल शिक्षा प्रणाली के लिए एक मजबूत आधार तैयार होगा।

इस पहल से न केवल शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक एवं आधुनिक बनेगी, बल्कि सरकारी विद्यालयों की छवि में भी सकारात्मक बदलाव आएगा और अभिभावकों का विश्वास मजबूत होगा।

Ad