हल्द्वानी में मतदाता सूची से 28 नाम हटाने की साजिश का आरोप, बीएलओ की फर्जी आईडी से भरे गए फॉर्म-7

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मतदाता सूची में कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यहां एक बीएलओ की फर्जी लॉगिन आईडी का इस्तेमाल कर 28 मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा किए जाने का आरोप है। मामले में अदालत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला 12 अगस्त 2026 का बताया जा रहा है। वार्ड नंबर 31 इंदिरानगर निवासी इकराम अली की शिकायत के मुताबिक, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वह अपने बूथ पर बीएलए-दो के रूप में कार्यरत हैं। 20 अगस्त को साथी बीएलओ के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए उनके नाम से ऑनलाइन फॉर्म-7 जमा किए गए हैं।

इकराम अली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन नहीं किया था। साथ ही किसी अन्य व्यक्ति को अपनी पहचान और लॉगिन आईडी का इस्तेमाल करने की अनुमति भी नहीं दी थी। इसके बाद उन्होंने 24 अगस्त को बनभूलपुरा कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। सुनवाई नहीं होने पर 29 अगस्त को एसएसपी नैनीताल को भी प्रार्थना पत्र भेजा गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों स्तरों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। ऑनलाइन आवेदन और लॉगिन आईडी से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ad