यमकेश्वर में बंदरों का बढ़ता आतंक, 85 वर्षीय बुजुर्ग पर किया हमला; ग्रामीणों ने वन विभाग से लगाई गुहार
यमकेश्वर। पौड़ी जिले के यमकेश्वर विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में बंदरों की बढ़ती आवाजाही लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। बंदरों के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आए दिन हो रही घटनाओं के बीच शुक्रवार को थनूर गांव में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग बंदर के हमले में घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, थनूर गांव निवासी आनंद सिंह अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर वहां पहुंचा और उनके हाथ पर काटकर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बंदरों का आतंक अब घरों तक पहुंच गया है, जिससे बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि लंबे समय से बंदरों की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वहीं, बंदर के काटने के बाद रेबीज का टीका लगवाने के लिए भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में वन क्षेत्राधिकारी लालढांग रेंज विपिन जोशी ने बताया कि बंदरों की समस्या से प्रभावित गांवों में विभागीय टीम भेजी जाएगी। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।


