लैंसडौन को जीरो वेस्ट मॉडल बनाने की तैयारी तेज, पुराने कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण
लैंसडौन। पर्यटन नगरी लैंसडौन को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में छावनी परिषद ने कदम तेज कर दिए हैं। शहर में लंबे समय से जमा कचरे की समस्या से निपटने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना पर काम शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत पुराने डंप कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा और आधुनिक तकनीक पर आधारित संयंत्र स्थापित किया जाएगा।
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए मशीनरी और आवश्यक उपकरण लैंसडौन पहुंचने लगे हैं। संयंत्र की स्थापना के बाद शहर से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ उसके निस्तारण की व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा सकेगा।
छावनी परिषद का उद्देश्य केवल पुराने कूड़े के ढेर को हटाना नहीं, बल्कि भविष्य में कचरा प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।
इस पहल के माध्यम से लैंसडौन को जीरो वेस्ट मॉडल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना सफल होने पर पर्यटन नगरी की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ प्राकृतिक वातावरण को संरक्षित करने में भी मदद मिलेगी।


