आयुर्वेद विश्वविद्यालय की एमडी-एमएस परीक्षा को लेकर फर्जीवाड़ा, परिसर निदेशक के हस्ताक्षर से वायरल किया पत्र

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में एमडी-एमएस परीक्षा की तारीखों को लेकर फर्जी पत्र प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए इस पत्र में परिसर निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की बात सामने आई है। मामला संज्ञान में आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर प्रशासन ने जांच की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने परिसर निदेशक के हस्ताक्षर का इस्तेमाल करते हुए एमडी-एमएस परीक्षा की तिथि से संबंधित एक पत्र तैयार किया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। फर्जी पत्र सामने आने के बाद परिसर प्रशासन में हलचल मच गई।

इस मामले में ऋषिकुल परिसर के निदेशक ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने का अनुरोध किया है। साथ ही फर्जी हस्ताक्षर के जरिए परीक्षा संबंधी सूचना प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने की मांग की गई है।

परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय से जुड़ा फर्जी पत्र सामने आने के बाद विद्यार्थियों के बीच भी भ्रम की स्थिति पैदा होने की आशंका है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है और फर्जी पत्र किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया।

Ad