उत्तराखंड में बढ़ेगी सूखी ठंड, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट; सुबह-रात सताएगी सर्दी
उत्तराखंड में मौसम के बदलते रुख के बीच अब सूखी ठंड लोगों की परेशानी बढ़ाने लगी है। प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय जिलों के अलावा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कोहरा छाने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके चलते सुबह के समय ठंड बढ़ने के साथ ही सड़कों पर दृश्यता भी कम हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में 29 नवंबर से दो दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस अवधि में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। बारिश न होने और मौसम में नमी की कमी के चलते प्रदेश में सूखी ठंड का असर बना रह सकता है। हालांकि, तापमान में होने वाले उतार-चढ़ाव से दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस होगा।
मैदानी क्षेत्रों में सुबह के वक्त कोहरा छाने से वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भी कोहरे के साथ सुबह और देर रात ठंड का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने और ठंड से बचाव के जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी जा रही है।


