उत्तरकाशी अग्निकांड पीड़ितों के लिए 50-50 लाख मुआवजे की मांग, सुराज सेवा दल ने CM को भेजा ज्ञापन
उत्तरकाशी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता का मुद्दा उठने लगा है। पीड़ितों को उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सुराज सेवा दल ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई।
रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने इस समय कई तरह की चुनौतियां हैं। ऐसे में सरकार को उनकी परिस्थितियों को गंभीरता से समझते हुए राहत और पुनर्वास के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस घटना को केवल एक हादसे के रूप में न देखकर मानवीय संकट मानते हुए पीड़ितों की मदद की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कावेरी जोशी, भूमिका शर्मा, नसरीन, सुनीता साहनी और नीतू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


