देहरादून में आज रात बजेगा एयर रेड अलर्ट का सायरन, दो मिनट रहेगा ब्लैकआउट; प्रशासन ने लोगों से की खास अपील

खबर शेयर करें -

देहरादून। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को जांचने के लिए देहरादून में शनिवार रात नाइट एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास के दौरान सुरक्षा एजेंसियां, सिविल डिफेंस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियों का परीक्षण करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात 10:05 बजे एयर रेड अलर्ट का सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद दो मिनट तक ब्लैकआउट का अभ्यास होगा। वहीं, रात करीब 10:30 बजे दोबारा सायरन बजाकर स्थिति सामान्य होने का संकेत दिया जाएगा।

सिविल डिफेंस की ओर से आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति में संबंधित एजेंसियों की सतर्कता, प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी तालमेल को परखना है। अभ्यास के माध्यम से यह भी जांचा जाएगा कि आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी ढंग से काम करती है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शहरवासियों से अपील की है कि रात में सायरन सुनाई देने पर किसी तरह की घबराहट न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल है, वास्तविक हवाई हमले का अलर्ट नहीं। प्रशासन ने लोगों से अभ्यास के दौरान शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Ad