चंद्रबनी में प्लॉट दिलाने के नाम पर 35 लाख की ठगी, एक साल बाद भी न जमीन मिली न रकम
देहरादून। राजधानी देहरादून में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चंद्रबनी क्षेत्र में जमीन दिलाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से 35 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सीमाद्वार निवासी विनय ने बताया कि शिमला बाईपास रोड निवासी अंकित मलिक से उसकी पहले से जान-पहचान थी। आरोपी के मामा पीड़ित के गांव में रहते हैं, इसी वजह से दोनों के बीच परिचय था।
विनय के मुताबिक, अंकित मलिक ने उसे चंद्रबनी क्षेत्र में जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया था। भरोसे में आकर उसने आरोपी को 35 लाख रुपये दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो उसे जमीन का कब्जा सौंपा और न ही पैसे वापस किए।
शिकायत के अनुसार, इस मामले को करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन अब तक पीड़ित को न जमीन मिल पाई और न ही उसकी जमा रकम वापस हुई। इसके बाद विनय ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अंकित मलिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और लेनदेन की जांच कर रही है।


