रोडवेज की ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर यात्रियों को मिलेगा कैशबैक, 100 रुपये तक का लाभ और गोल्ड कॉइन भी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम ने ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई कैशबैक योजना शुरू की है। इसके तहत पेटीएम और यूपीआई के माध्यम से टिकट का भुगतान करने वाले यात्रियों को 50 और 100 रुपये तक कैशबैक के साथ गोल्ड कॉइन जीतने का मौका भी मिलेगा। हालांकि, क्यूआर कोड के जरिए भुगतान करने वाले यात्री इस योजना के दायरे में शामिल नहीं होंगे।

रोडवेज के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन भुगतान की न्यूनतम सीमा 99 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट की बुकिंग और भुगतान पूरा होने के बाद यात्रियों को स्क्रैच कार्ड दिया जाएगा। इसके माध्यम से कैशबैक और अन्य लाभ प्राप्त किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि कैशबैक की राशि संबंधित यात्री के खाते में 24 घंटे के भीतर वापस भेज दी जाएगी। वहीं, योजना के तहत मिलने वाले वाउचर की वैधता केवल एक सप्ताह निर्धारित की गई है। तय अवधि समाप्त होने के बाद वाउचर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

महाप्रबंधक के अनुसार, परिवहन निगम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग को भी बढ़ावा दे रहा है। इस योजना से ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलने के साथ डिजिटल भुगतान के प्रति भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Ad