जिले में डेंगू का प्रकोप बरकरार, दो नए मरीज मिले; संक्रमितों का आंकड़ा 470 पहुंचा

खबर शेयर करें -

जिले में डेंगू संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को दो और लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस सीजन में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 470 हो गई है। हालांकि, इनमें से 458 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 12 मरीज अभी अस्पतालों में भर्ती हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को डेंगू की आशंका के चलते 112 सैंपलों की जांच की गई थी। इनमें दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस सीजन में अब तक कुल 47,824 सैंपलों की जांच हो चुकी है। संक्रमित मरीजों में 219 जिले के निवासी हैं, जबकि 251 मरीज अन्य जिलों से संबंधित हैं।

वहीं, डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। मच्छरों के लार्वा की पहचान के लिए अब तक 15,84,659 घरों और 99,97,438 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है। इस दौरान 22,659 घरों और 28,150 कंटेनरों में लार्वा की मौजूदगी मिली है। वहीं, शुक्रवार को टीमों ने 6,488 घरों का सर्वे किया।

संक्रमण की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही लार्वा नष्ट करने और फागिंग की कार्रवाई भी की जा रही है। नए मामले सामने आने के बीच स्वास्थ्य विभाग ने बचाव और निगरानी गतिविधियां तेज रखी हैं।

Ad