अमित शाह आज दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर, हरिद्वार, ऋषिकेश में कड़े सुरक्षा इंतजाम
ऋषिकेश/हरिद्वार: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनज़र चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं।
अपने दौरे के पहले दिन गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में ‘शांतिकुंज’ के शताब्दी स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे गायत्री तीर्थ के विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन करेंगे और राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए साधक, स्वयंसेवक और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद अमित शाह दोपहर 02:45 बजे ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन पहुंचेंगे, जहां गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित प्रतिष्ठित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक के विमोचन समारोह को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और साहित्य की भूमिका पर उनके विचार सुनने को मिलेंगे। अपने दौरे के दूसरे दिन, 22 जनवरी को गृह मंत्री सुबह 10:00 बजे हरिद्वार के महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि योगपीठ में निर्मित “पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल” का उद्घाटन करेंगे। यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है और क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।
इसके पश्चात सुबह 10:45 बजे अमित शाह गायत्री तीर्थ-शांतिकुंज, हरिद्वार पहुंचकर ‘अखंड ज्योति’ के दर्शन करेंगे। सुबह 11:15 बजे वे बैरागी द्वीप, हरिद्वार पहुंचेंगे, जहां माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा आयोजित ‘शताब्दी वर्ष समारोह 2026’ में भाग लेंगे।
गृह मंत्री के इस दौरे को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
