यातायात नियम तोड़ने वालों को सेना के जवान सिखाएंगे सबक, प्रमुख चौराहों पर तैनाती की तैयारी

खबर शेयर करें -

देहरादून : शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यातायात नियमों की अनदेखी अब ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बनती जा रही है। इस चुनौती से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग और जिला सड़क सुरक्षा समिति ने एक अहम पहल करने की तैयारी कर ली है। योजना के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले बिगड़ैल वाहन चालकों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने के लिए सेना के जवानों को यातायात वार्डन के रूप में प्रमुख सड़कों और जंक्शनों पर तैनात किया जाएगा।

इस संबंध में लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता ने पुलिस अधीक्षक यातायात और आरटीओ प्रशासन प्रवर्तन को पत्र भेजा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने यह पत्र जिला सड़क सुरक्षा समिति के सचिव के रूप में प्रेषित किया है। पत्र में जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेशों और कमान अधिकारी कर्नल पी. थपलियाल के सुझावों का उल्लेख किया गया है।

पत्र के अनुसार, राजपुर रोड, घंटाघर, बल्लूपुर चौक सहित शहर के अन्य प्रमुख इलाकों में व्यस्त समय के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बेकाबू हो जाती है। वाहनों की संख्या में निरंतर वृद्धि के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन जैसे गलत पार्किंग, रेड लाइट जंप करना और लेन अनुशासन की अनदेखी—स्थिति को और गंभीर बना रहा है।

इसके अलावा, यातायात व्यवस्था संभालने में तैनात कार्मिकों की कमी भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। सीमित संसाधनों के चलते ट्रैफिक पुलिस पर दबाव बढ़ रहा है और जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में सेना के अनुशासित जवानों की मौजूदगी से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, बल्कि वाहन चालकों में नियमों के प्रति भय और जागरूकता भी बढ़ेगी।

प्रशासन का मानना है कि सेना के जवानों की तैनाती से ट्रैफिक नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और आम जनता को जाम से राहत मिल सकेगी। आने वाले दिनों में इस योजना को लागू करने को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय और आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे।

Ad