खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: तहसील में व्याप्त समस्याओं को लेकर बार एसोसिएशन ऋषिकेश के अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) ऋषिकेश से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील स्तर पर लंबित कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आमजन से जुड़े मामलों में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

अधिवक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि तहसील में पूर्व से चली आ रही समस्याओं के कारण न केवल अधिवक्ताओं को कार्य निष्पादन में बाधाएं आ रही हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो अधिवक्तागण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी को विभिन्न बिंदुओं से अवगत कराते हुए व्यवस्था में सुधार, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और कार्य प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील में सुचारू और व्यवस्थित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो।

इस पर उप जिलाधिकारी ऋषिकेश ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लिया गया है और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा

बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में शैलेंद्र चौहान, कपिल शर्मा, राजपाल बिष्ट, राघवेंद्र भटनागर, यतेंद्र थपलियाल, प्रमोद नौटियाल, लक्षित खरोला, प्रीति भट्ट, मीनाक्षी नेगी, संकल्प मल्होत्रा, लाल सिंह मटेला और अंकुर डिमरी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Ad