गौचर से किसानों को बड़ी सौगात, शिवराज सिंह चौहान के ऐलान से उत्तराखंड की खेती को नई दिशा
चमोली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गौचर में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं से राज्य की कृषि, बागवानी और किसान सुरक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से किसानों को रोगमुक्त और गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बागवानी उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।इसके साथ ही, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा को लेकर किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए 90 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इस राशि से सोलर फेंसिंग, बाड़बंदी और अन्य सुरक्षा उपायों को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 88 हजार किसानों को 65.12 करोड़ रुपये की बीमा राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा या नुकसान की स्थिति में किसानों को समय पर राहत मिले। शिवराज सिंह चौहान ने यह भी ऐलान किया कि उत्तराखंड में न्यूजीलैंड के सहयोग से कीवी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इससे कीवी उत्पादन को वैज्ञानिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मार्केटिंग से जोड़ा जाएगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर लगातार काम कर रही है और उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पहलों से राज्य के किसानों का भविष्य और अधिक सशक्त रहेगा।
