पर्यटन नगरी के रूप में नरेंद्रनगर को विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर : नगरपालिका परिषद नरेंद्रनगर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शनिवार को 4184.87 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एसटीपी का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर को राज्य की अग्रणी पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सरकार निरंतर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आधुनिक एसटीपी के निर्माण से नगर की संपूर्ण सीवेज व्यवस्था वैज्ञानिक पद्धति से संचालित होगी, जिससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि पर्यावरण प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि इस प्लांट के माध्यम से नगरपालिका क्षेत्र से उत्पन्न होने वाले गंदे पानी को उन्नत तकनीक से शुद्ध किया जाएगा। शुद्धिकरण के उपरांत जल को नदियों, नालों, प्राकृतिक जलधाराओं और अन्य स्रोतों में प्रवाहित किया जाएगा, जिससे किसी प्रकार का पर्यावरणीय संकट उत्पन्न न हो। मंत्री ने इसे भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार की गई एक दूरदर्शी परियोजना बताया।सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर पर्यटन की दृष्टि से लगातार आगे बढ़ रहा है। बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, और उच्च स्तरीय होटल एवं फाइव स्टार सुविधाओं का आगमन यहां के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन किसी भी पर्यटन नगरी की पहचान होते हैं, और यह परियोजना नरेंद्रनगर को आधुनिक मानकों पर खरा उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंत्री ने बताया कि इस परियोजना से नगर की सार्वजनिक स्वास्थ्य स्थिति बेहतर होगी तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी स्वच्छ एवं सौंदर्यपूर्ण वातावरण मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसटीपी का निर्माण पूरा होने के बाद नरेंद्रनगर एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल नगरी के रूप में उभरेगा, जो राज्य के पर्यटन मानचित्र पर एक नया आयाम स्थापित करेगा।कार्यक्रम में नगरपालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगणों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सरकार द्वारा नगर के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Ad