चमोली हादसा: पेड़ से गिरकर महिला घायल, सड़क न होने से बढ़ी परेशानी
चमोली : चमोली जनपद के दूरस्थ मौली हडूंगा गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी एक बार फिर सामने आई है। यहां चारा लेने जंगल गई एक महिला पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में सड़क न होने के कारण समय पर वाहन सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रोजमर्रा की तरह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पेड़ से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से चोटिल हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे उठाया, लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण एंबुलेंस वहां तक नहीं पहुंच पाई।
इसके बाद ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल महिला को डंडी-कंडी के सहारे करीब 8 किलोमीटर तक पैदल रास्ते से मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान ऊबड़-खाबड़ और कठिन पहाड़ी रास्तों ने राहत कार्य को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद महिला को वाहन के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर मदद मिल सके।
