खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सिंह बिष्ट एवं प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के माध्यम से दिए गए सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है, जो परीक्षा के तनाव को कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक सिद्ध होता है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने, समय प्रबंधन पर ध्यान देने और परीक्षा को जीवन का एक पड़ाव मानकर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को न केवल परीक्षा बल्कि जीवन में भी सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान सीनियर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स द्वारा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने एनसीसी कैडेट्स की अनुशासनप्रियता और प्रशिक्षण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एनसीसी के छात्र-छात्राएं अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक होते हैं तथा कठोर और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से ही एक कुशल एनसीसी कैडेट का निर्माण होता है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, शिव प्रसाद बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, जयकृत सिंह रावत, जितेंद्र बिष्ट, रंजन अंथवाल, जूनियर विंग के एनसीसी अधिकारी विकास नेगी, विवेक शर्मा, अजय कुमार, सुनील थपलियाल, हरि सिंह, नीलम जोशी, शालिनी कपूर, ज्योतिरमय शर्मा, निवेदिता अग्रवाल सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में शिक्षा और अनुशासन की भूमिका को रेखांकित करते हुए किया गया, जिससे विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ।

Ad