देहरादून में परीक्षा पे चर्चा पर मुख्यमंत्री का प्रेरक संदेश
देहरादून: मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पे चर्चा” के नौवें संस्करण से जुड़ा हुआ है। यह कार्यक्रम अब केवल एक संवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को जोड़ने वाला एक व्यापक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश विद्यार्थियों को यह समझाता है कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव जरूर हो सकती है, लेकिन पूरा जीवन नहीं।
मुख्यमंत्री ने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्कूल का समय जीवन का सबसे अमूल्य और यादगार दौर होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रहकर खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों में भी निरंतर भागीदारी करनी चाहिए। इससे उनका सर्वांगीण विकास होता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा एक अवसर होती है, जिसमें विद्यार्थी एक योद्धा की तरह पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और मानसिक शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही काबिलियत का पैमाना नहीं है, बल्कि जीवन में अनेक अन्य लक्ष्य और संभावनाएं भी होती हैं, जिनकी ओर विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। मुख्यमंत्री ने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य स्पष्ट रूप से तय करें, प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ें और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच अपनाएं। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ की गई तैयारी ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता को समझते हुए सहयोगी भूमिका निभाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षा पे चर्चा 2026 के अंतर्गत देशभर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूटने जा रहा है। उत्तराखंड राज्य से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से अधिक अभिभावक इस कार्यक्रम से जुड़े हैं, जबकि गत वर्ष यह संख्या केवल 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी। यह आंकड़े राज्य में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो का चयन राष्ट्रीय स्तर पर किया गया है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे उत्तराखंड प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक शिक्षा सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने परीक्षा पे चर्चा जैसे प्रेरणादायी मंच को विद्यार्थियों के मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
