हरिपुर कलां में बिना मिलावट मसालों की शुरुआत, उमंग ग्राम संगठन की महिलाओं ने खोली मसाला चक्की
रायवाला। पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के सहयोग से भगत कॉलोनी मोतीचूर, हरिपुर कलां स्थित उमंग ग्राम संगठन (गायत्री क्लस्टर) के अंतर्गत संचालित जीविका उत्पादक समूह द्वारा मसाला चक्की, पैकिंग मशीन एवं सील मशीन की स्थापना कर उसका विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय लोगों को शुद्ध एवं बिना मिलावट वाले मसाले उपलब्ध कराना है।

मसाला चक्की के उद्घाटन अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान गीतांजलि जखमोला, देव्यांती थपलियाल (एरिया को-ऑर्डिनेटर, NRLM, डोईवाला)सक्रिय महिला रीता एवं रेखा रयाल (IPRP) ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सूरज तिवाड़ी प्रबंधक, जिला सहकारी बैंक रायवाला शाखा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गायत्री क्लस्टर की अध्यक्ष तुलसी मेहरा, उमंग ग्राम संगठन की पदाधिकारियों में अध्यक्ष रीता, कोषाध्यक्ष जमुना, सचिव पूर्णिमा आले, उपाध्यक्ष हेमा थापा एवं उप सचिव पूनम सूरी शामिल रहीं। कार्यक्रम में संतोषी थापा, माया, नीतू, संगीता, मंजू गोस्वामी, दिलमाया, भावना, सीमा, प्रिया, गुंजन, ज्योति, राकेश थापा, तरनजीत, लक्ष्मी एवं पूजा सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
इस अवसर पर बताया गया कि NRLM से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आरएफ (CIF) एवं CCL क्लस्टर से ऋण लेकर मसाला चक्की सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं। ऐसी उत्पादक इकाइयों से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की जीविका उत्पादक इकाइयां ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करती हैं।
