महापौर शंभू पासवान का एक वर्ष पूरा, विकास कार्यों से बदली शहर की तस्वीर

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान के नेतृत्व में शहर ने विकास, स्वच्छता और आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक उल्लेखनीय यात्रा तय की है। महापौर के सफल कार्यकाल का एक वर्ष आज गौरवपूर्ण रूप से पूर्ण हो गया। इस अवसर पर नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर शंभू पासवान ने देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए बीते एक वर्ष की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य के विकास विजन को साझा किया।

महापौर शंभू पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक वर्ष केवल कार्यकाल का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सहयोग का प्रतीक रहा है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक विरोध और कठिन परिस्थितियों के बावजूद शहरहित में कई साहसिक निर्णय लिए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम आज ऋषिकेश की जनता अनुभव कर रही है।जलभराव से मिली दशकों पुरानी समस्या से मुक्तिमहापौर के दृढ़ संकल्प का उदाहरण उस समय देखने को मिला जब खुदान कराकर ढाल का अनुसरण करते हुए सड़क निर्माण कार्य कराया गया। प्रारंभ में इस निर्णय का विरोध भी हुआ, किंतु कार्य पूर्ण होने के बाद मानसून के दौरान गंगा नगर और पुरानी चुंगी क्षेत्र को दशकों से चली आ रही जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिली। यह कार्य प्रशासनिक दृढ़ता और दूरदर्शी सोच का प्रतीक बना।

स्वच्छ ऋषिकेश स्वस्थ ऋषिकेश’ के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ किया गया। प्रतिदिन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को 100 प्रतिशत प्रभावी बनाया गया। चारधाम यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता प्रबंध सुनिश्चित किए गए।जहां पहले कूड़ा संग्रहण के लिए मात्र 20 से 25 वाहन संचालित होते थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 52 हो चुकी है। साथ ही यूजर चार्ज से होने वाली आय 10 लाख से बढ़कर 14 लाख रुपये तक पहुँच गई है।

डोर-टू-डोर कूड़ा वाहनों की राज्य स्तरीय डिजिटल मॉनिटरिंग (VLTS प्रणाली) के लिए ऋषिकेश नगर निगम को राज्य के प्रमुख तीन शहरों — देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार — में चयनित किया गया, जो निगम की कार्यप्रणाली पर भरोसे को दर्शाता है। शहर के मुख्य मार्गों और आंतरिक गलियों में आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। जर्जर सड़कों के सुदृढ़ीकरण और नाली निर्माण जैसे ड्रेनेज कार्यों पर रिकॉर्ड स्तर पर काम हुआ।नगर निगम क्षेत्र में 17.77 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों का सुधारीकरण किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार और नागरिकों को बड़ी राहत मिली।

नगर निगम सेवाओं को डिजिटल करते हुए ‘ऑनलाइन टैक्स’ प्रणाली की शुरुआत की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और पारदर्शिता बढ़ेगी। नगर क्षेत्र में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया।1.91 करोड़ रुपये की लागत से चंद्रेश्वर नगर में रजत जयंती पार्क का निर्माण तथा 25 लाख रुपये की लागत से आवास विकास केशव पार्क में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही विभिन्न पार्कों में ओपन जिम उपकरण स्थापित किए गए हैं, जिससे नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जा सके।

स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत लालपानी क्षेत्र में ऋषिकेश क्लस्टर का ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण एवं निस्तारण प्लांट निर्माणाधीन है। रायवाला में निराश्रित गौवंशों के लिए 4.79 करोड़ रुपये की लागत से गौशाला निर्माण हेतु डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।इसी क्रम में रायवाला में ही 2.68 करोड़ रुपये की लागत से डॉग शेल्टर निर्माण के लिए भी डीपीआर प्रेषित की गई है। ऋषिकेश को उत्तराखंड का पहला ‘तंबाकू नियंत्रित’ शहर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य और जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

फेरी व्यवसायियों को सुव्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराने और ट्रैफिक नियंत्रण की दृष्टि से पहले चरण में योगनगरी, एम्स के निकट और बैराज कॉलोनी के पास स्मार्ट वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।इसके साथ ही शहर में 10 स्थानों पर पीपीपी मोड पर EV चार्जिंग स्टेशन और स्मार्ट बस शेल्टर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे निगम के राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ यात्रियों को स्वच्छ ईंधन और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर ने कहा, यह एक वर्ष ऋषिकेश की देवतुल्य जनता के विश्वास और सहयोग का वर्ष रहा है। मेरा लक्ष्य ऋषिकेश को केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश का सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आदर्श धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाना है। यह एक साल सीखने, समझने और मजबूत नींव रखने का रहा है। आने वाले चार वर्षों में भी मैं पूरे समर्पण के साथ ऋषिकेश के विकास के लिए कार्य करता रहूँगा।

महापौर शंभू पासवान के कुशल नेतृत्व में नगर निगम बोर्ड ने ऋषिकेश को और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यटक-अनुकूल बनाने का संकल्प लिया है। इसके अंतर्गत शहर के मध्य आधुनिक बहुमंजिला वाहन पार्किंग, हाई-टेक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, चंद्रभागा नदी के दोनों ओर तटबंध के साथ आस्था पथ निर्माण, रामानंद घाट से चंद्रेश्वर मंदिर तक पुल निर्माण, संजय झील व रंभा नदी का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा पर्यटन स्थलों के विस्तार का विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, सम्मानित पार्षदगण, गणमान्य नागरिकों तथा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महापौर शंभू पासवान को उनके सफल एक वर्षीय कार्यकाल के लिए बधाई दी और उनके दूरदर्शी विजन की सराहना की।

Ad