विकासनगर में श्री खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए CM धामी
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर, देहरादून स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम आस्था के आराध्य होने के साथ-साथ हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले “हारे के सहारे” हैं। जो भी सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि बाबा हर श्रद्धालु के हृदय में विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करने वाला अवसर भी है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से ही वे राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा कर पा रहे हैं। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण का भाव भी आवश्यक है। यदि किसी कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण से किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी होता है, वह ईश्वर की कृपा से होता है और हमें सदैव सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और विकास की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है, ताकि उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी।
