जनरल बिपिन रावत की जयंती पर सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस), पद्म विभूषण से सम्मानित तथा देवभूमि उत्तराखंड के गौरव जनरल बिपिन रावत की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनरल बिपिन रावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनरल बिपिन रावत ने माँ भारती की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। वे अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के सच्चे प्रतीक थे। उन्होंने अपने नेतृत्व, दूरदर्शिता और सैन्य रणनीति से भारतीय सशस्त्र बलों को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा और सेवा के प्रति जनरल बिपिन रावत का समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में भारतीय सेना को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिनका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की वीर भूमि ने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं और जनरल बिपिन रावत ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। उनका जीवन और कर्तृत्व आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के इस महान सपूत को प्रदेशवासी सदैव गर्व और सम्मान के साथ याद करते रहेंगे।

Ad