सीएम धामी का देर रात दून अस्पताल में औचक निरीक्षण
देहरादून : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। रात्रि मुख्यमंत्री ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय, देहरादून पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। देर रात हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों में तत्काल सक्रियता देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और जांच सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। मरीजों से बातचीत के दौरान उन्होंने पूछा कि उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं, दवाएं उपलब्ध हैं या नहीं और किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति तथा जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए और तीमारदारों को मरीज की स्थिति की सही और समय पर जानकारी दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर, भरोसेमंद और पारदर्शी बनें, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है। आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानपूर्वक और समयबद्ध सेवा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सक, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
