CO नीरज सेमवाल ने संभाला पदभार, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से की मुलाकात

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : क्षेत्राधिकारी (CO) का पदभार ग्रहण करने के बाद नीरज सेमवाल ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आगामी यात्रा सीजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

भेंट के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश की वर्तमान कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और नियंत्रित रखना बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने नशे के बढ़ते कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने की बात कही।

डॉ. अग्रवाल ने आस्था पथ पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही अशोभनीय गतिविधियों पर भी चिंता व्यक्त की और वहां नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा बनी रहे।

उन्होंने आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था प्रबंधन को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाए। साथ ही, सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।

इस पर क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी सुझावों और निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा आम जनता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Ad