उत्तराखंड में ठंड बढ़ाने आ रहे बादल, नौ जिलों में बारिश-बर्फबारी के संकेत

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों से लेकर कुछ मैदानी क्षेत्रों तक बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर पड़ सकता है, जिससे पहाड़ों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।

विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो दिनों तक पर्वतीय इलाकों में मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने के आसार हैं। वहीं, पहाड़ी घाटियों में मध्यम स्तर का कोहरा छाने से दृश्यता भी प्रभावित हो सकती है।

दूसरी ओर, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। गौरतलब है कि शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा, जबकि पहाड़ों में बादलों की आवाजाही जारी रही। अब संभावित बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

Ad