गोमुख ट्रैक पर मौसम की मार, भारी बर्फबारी के चलते अनिश्चितकालीन रोक
उत्तरकाशी: गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन ने खराब मौसम और भारी बर्फबारी को देखते हुए गोमुख ट्रैक पर आवाजाही पर अनिश्चितकाल के लिए अस्थायी रोक लगा दी है। ट्रैक के कई हिस्सों में बर्फ जमने और मार्ग क्षतिग्रस्त होने से हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में पर्यटकों और ट्रेकर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को गोमुख ट्रैक के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। इसके चलते रास्ते के कई हिस्से बर्फ से ढक गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है। मौजूदा हालात में इस मार्ग पर आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।
इस बीच भोजबासा और तपोवन क्षेत्र में सात ट्रेकर्स के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। गंगोत्री नेशनल पार्क के अधिकारियों के मुताबिक, सभी ट्रेकर्स से संपर्क स्थापित हो चुका है और वे सुरक्षित स्थानों पर हैं। फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और ट्रैक आवाजाही के लिहाज से सुरक्षित नहीं पाया जाता, तब तक किसी भी व्यक्ति को गोमुख ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। मौसम और रास्ते की स्थिति का आकलन करने के बाद ही आगे की आवाजाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि सितंबर के अंतिम दिनों में भी गोमुख और गंगोत्री ग्लेशियर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी थीं। उस दौरान अलग-अलग स्थानों पर 200 से अधिक पर्वतारोही फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा के साथ आईटीबीपी, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया था। पिछली घटना को देखते हुए इस बार भी प्रशासन किसी तरह का जोखिम उठाने के मूड में नहीं है।


