नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड की बड़ी छलांग, राष्ट्रीय रैंकिंग में मिला दूसरा स्थान
देहरादून। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और नवीकरणीय ऊर्जा के विकास की दिशा में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से जारी रिन्युएबल एनर्जी स्टेट असेसमेंट फ्रेमवर्क (नवीकरणीय ऊर्जा राज्य आकलन ढांचा) की रैंकिंग में उत्तराखंड ने विशेष श्रेणी के राज्यों के बीच दूसरा स्थान हासिल किया है। राज्य की इस उपलब्धि को ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इस उपलब्धि के लिए उत्तराखंड को आगामी पांच नवंबर को सम्मानित किया जाएगा। भारत रिन्युएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के समापन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन राज्य को यह सम्मान प्रदान करेंगे।
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष सारंगी ने 31 अक्टूबर को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजकर इस उपलब्धि की आधिकारिक जानकारी दी। मंत्रालय ने अपने पत्र में प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार के लिए तैयार किए गए अनुकूल माहौल और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है।
राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरा स्थान मिलना उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, बल्कि स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के विकास की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता भी सामने आई है।


