फूलों की घाटी ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक सीजन में पहुंचे 35 हजार से ज्यादा पर्यटक; 67 लाख की कमाई

खबर शेयर करें -

गोपेश्वर। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी ने इस पर्यटन सीजन में पर्यटकों की आमद का नया रिकॉर्ड कायम किया है। चमोली जिले की भ्यूंडार घाटी में स्थित यह प्राकृतिक धरोहर शनिवार शाम शीतकाल के लिए बंद कर दी गई। इस बार घाटी की खूबसूरती निहारने के लिए कुल 35,261 पर्यटक पहुंचे, जो अब तक किसी एक सीजन में दर्ज की गई सर्वाधिक संख्या है।

पर्यटकों की इस भीड़ में देश के विभिन्न हिस्सों से आए सैलानियों के साथ 265 विदेशी पर्यटक भी शामिल रहे। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से फूलों की घाटी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ीं और वन विभाग को भी अच्छी आय हुई। इस सीजन में पर्यटकों की आवाजाही से घाटी प्रशासन को कुल 67 लाख सात हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान ने बताया कि इस वर्ष पर्यटकों की संख्या में उत्साहजनक बढ़ोतरी देखने को मिली। एक ही सीजन में 35 हजार से अधिक पर्यटकों का पहुंचना घाटी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

शीतकाल को देखते हुए अब घाटी के प्रवेश द्वार पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में प्रकृति और फूलों की अनूठी दुनिया को करीब से देखने के इच्छुक सैलानियों को अब अगले पर्यटन सीजन का इंतजार करना होगा। घाटी को आगामी एक जून को फिर से पर्यटकों के लिए खोले जाने की उम्मीद है।

Ad