समाज कल्याण पेंशन की दिसंबर किश्त जारी, 9 लाख से अधिक लाभार्थियों को 140 करोड़ से ज्यादा की राशि डीबीटी से ट्रांसफर

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत दिसंबर माह की किश्त डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से जारी कर दी है। इस अवसर पर राज्यभर के नौ लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 140 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई, जिससे जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक संबल मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे। डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से वास्तविक लाभार्थियों को सीधा फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन, दिव्यांग, निराश्रित महिलाएं और अन्य पात्र वर्ग सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मजबूत आधार हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन के लिए 59 वर्ष की आयु से ही पात्र व्यक्तियों की पहचान की जाए, ताकि 60 वर्ष पूर्ण करते ही उन्हें पेंशन योजना में शामिल किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सिर्फ जानकारी या प्रक्रिया की कमी के कारण वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर डेटा अपडेट, सर्वे और सत्यापन की प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार सामाजिक कल्याण योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार सुधार कर रही है। समय पर पेंशन भुगतान से लाभार्थियों को न केवल आर्थिक सहायता मिलती है, बल्कि उनके जीवन में आत्मसम्मान और सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है। राज्य सरकार आगे भी सभी पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Ad