ऋषिकेश में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, विपक्ष के खिलाफ जताया आक्रोश
संसद में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रस्तुत किए गए “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर देशभर में सियासी घमासान के बीच ऋषिकेश क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिला। बिल के विरोध को लेकर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में व्यापक आक्रोश नजर आया।
कोयल घाटी क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री कौशल बिजलवान के नेतृत्व में छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, वंदे मातरम ग्रुप और हिन्दू रक्षा मंच के सदस्यों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी दलों का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कौशल बिजलवान ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का इस विधेयक का विरोध उसकी महिला विरोधी सोच को दर्शाता है।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष हमेशा राजनीति करता है और विकास में बाधा डालता है।प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा कविता शाह ने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे ऐसे रवैये का जवाब समय आने पर देंगी।प्रदर्शन के दौरान युवाओं और छात्राओं ने “नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “महिला विरोधी विपक्ष मुर्दाबाद” जैसे नारों के साथ विरोध जताया, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
इस मौके पर तानिया पाल, मुस्कान चौधरी, तनु तेवतिया, रीना शर्मा, ममता रतूड़ी, वृंदा कौशल, सुहानी सेमवाल, पिंकी धस्माना, सीमा पयाल, वंशिका शर्मा, शिवानी मिश्रा, प्रियंका कुमारी, दुर्गा जिंदल, गुड्डी कलुड़ा, सुजीत यादव, अनिरुद्ध शर्मा, रणजीत धामी, अमनदीप नेगी, अभिषेक रावत, पंकज थपलियाल और मयंक भट्ट सहित कई लोग उपस्थित रहे
