देहरादून में डेंगू-चिकनगुनिया का बढ़ता खतरा, एक दिन में मिले 13 नए मरीज

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। दोनों बीमारियों के नए मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को डेंगू के नौ और चिकनगुनिया के चार नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस वर्ष डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 327 और चिकनगुनिया के मामलों का आंकड़ा 210 पहुंच गया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को डेंगू की जांच के लिए कुल 421 सैंपल लिए गए, जिनमें नौ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए संक्रमितों में पांच देहरादून जिले के निवासी हैं, जबकि चार अन्य जिलों से संबंधित हैं। इस वर्ष अब तक सामने आए डेंगू के 327 मामलों में 157 मरीज देहरादून जिले के और 170 अन्य जिलों के निवासी हैं।

वहीं, चिकनगुनिया के चार नए मामले सामने आने के बाद इस बीमारी के कुल मरीजों की संख्या 210 हो गई है। लगातार मिल रहे मामलों के बीच मच्छरों की रोकथाम और संक्रमण पर नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।

9,778 घरों और 59 हजार से अधिक कंटेनरों की जांच

डेंगू और चिकनगुनिया के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर जांच अभियान चला रही हैं। बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियर ने 9,778 घरों तथा 59,249 कंटेनरों की जांच की। इस दौरान 73 घरों और 83 कंटेनरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया।

जांच के दौरान मिले लार्वा से स्पष्ट है कि मच्छरों के पनपने वाले स्थानों पर लगातार निगरानी और सफाई जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के सामने अब संक्रमण की रोकथाम के साथ लोगों को जागरूक करने की भी अहम जिम्मेदारी है। विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार, घरों के आसपास पानी जमा न होने देना, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करना तथा बर्तनों में खुले पानी को ढककर रखना मच्छरों के प्रजनन को रोकने में मददगार हो सकता है।

Ad