कैंप कार्यालय में जनता की समस्याएं सुनकर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने दिए समाधान के निर्देश
ऋषिकेश: ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कैंप कार्यालय पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सफाई, राजस्व तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। डॉ. अग्रवाल ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आमजन को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद से समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होता है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी जुगलान, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, जोगीवाला माफी ग्राम प्रधान शैलेंद्र रंगड़, धर्मेंद्र ग्वाड़ी, शिवानी गोस्वामी, मोहित शर्मा, सुनील जुगलान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
