मुनि की रेती में सकल हिंदू समाज का “हिंदू सम्मेलन” आयोजित
मुनि की रेती : नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 14 बीघा, ढालवाला में सकल हिंदू समाज द्वारा भव्य “हिंदू सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हिंदू और हिंदुत्व ने सदैव विश्व को “वसुधैव कुटुंबकम्” का सार्वभौमिक संदेश दिया है। यह विचारधारा समस्त मानवता को एक परिवार मानने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति ने सदियों से सत्य, अहिंसा, करुणा और सह-अस्तित्व का मार्ग प्रशस्त किया है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना प्राचीन काल में था।मंत्री उनियाल ने कहा कि हिंदुत्व केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है। यह प्रकृति के साथ संतुलन, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमें विविधता में एकता का भाव सिखाती है और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने जी20 शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका ध्येय वाक्य “वसुधैव कुटुंबकम्” अर्थात “One Earth, One Family, One Future” भारत की सनातन विचारधारा की वैश्विक प्रासंगिकता को दर्शाता है। यह संदेश केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि समूचे विश्व को शांति, सहयोग और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करता है।
अपने संबोधन में मंत्री उनियाल ने सभी नागरिकों से सामाजिक समरसता बनाए रखने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सकारात्मक सोच से ही देश सशक्त और समृद्ध बन सकता है।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया गया तथा उपस्थित नागरिकों ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
