खबर शेयर करें -

रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित अनाज मंडी में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चिप्स और मुरमुरे के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अनाज मंडी क्षेत्र में स्थित एक गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की।

गोदाम में बड़ी मात्रा में चिप्स, मुरमुरे और अन्य खाद्य सामग्री का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी समय लगा। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के दौरान आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Ad