भारत ने अंतरिक्ष में रचा नया कीर्तिमान, इसरो ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया अब तक का सबसे भारी कॉमर्शियल संचार उपग्रह

खबर शेयर करें -

श्रीहरिकोटा / आंध्र प्रदेश : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने एक बार फिर वैश्विक अंतरिक्ष मंच पर भारत की तकनीकी क्षमता और भरोसे को मजबूत करते हुए इतिहास रच दिया है। वर्ष 2025 के अपने अंतिम मिशन में इसरो ने अब तक का सबसे भारी कॉमर्शियल संचार उपग्रह ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में स्थापित कर दिया। यह मिशन पूरी तरह वाणिज्यिक रहा, जिसने भारत की बढ़ती अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

इस ऐतिहासिक मिशन के तहत अमेरिका की कंपनी एएसटी स्पेसमोबाइल के करीब 6100 किलोग्राम वजनी अत्याधुनिक संचार उपग्रह ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 को पृथ्वी से लगभग 520 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित निम्न पृथ्वी कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। इस उपग्रह को इसरो के शक्तिशाली एलवीएम-3 रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित किया गया, जिसे इसकी विशाल वहन क्षमता के कारण ‘बाहुबली रॉकेट’ के नाम से भी जाना जाता है।

उपग्रह की लॉन्चिंग आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर की गई। प्रक्षेपण के बाद महज 16 मिनट के भीतर उपग्रह रॉकेट से अलग होकर तय कक्षा में पूरी सटीकता के साथ स्थापित हो गया। इसरो के अनुसार, यह मिशन तकनीकी दृष्टि से पूरी तरह सफल रहा और सभी प्रणालियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य किया।

एलवीएम-3 रॉकेट की यह छठवीं उड़ान थी, जबकि वाणिज्यिक मिशनों के लिए यह इसकी तीसरी सफल उड़ान रही। इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि इसरो न केवल वैज्ञानिक अभियानों में, बल्कि वैश्विक स्तर पर कॉमर्शियल लॉन्च सेवाओं में भी एक भरोसेमंद और किफायती विकल्प बन चुका है।

यह मिशन न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड और अमेरिका की AST स्पेसमोबाइल के बीच हुए एक महत्वपूर्ण वाणिज्यिक समझौते का हिस्सा है। ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह का उद्देश्य दुनिया के दूरदराज और नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों में सीधे मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है, जिससे संचार क्रांति को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इस सफल प्रक्षेपण के साथ ही भारत ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष बाजार में अपनी साख और मजबूत कर ली है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के वाणिज्यिक मिशन आने वाले वर्षों में भारत को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Ad