ऑनलाइन कोचिंग के लिए टिहरी के विद्यालय होंगे हाई-टेक, इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल : जनपद टिहरी गढ़वाल के विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में विद्यालयों में इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराए जाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य अवसंरचना एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ गहरवाल भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद टिहरी में विद्यार्थियों को Physics Wallah के माध्यम से जेईई की ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में लगभग 170 छात्र इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण नियमित रूप से ऑनलाइन कक्षाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चिन्हित विद्यालयों में सुचारू, मजबूत और निर्बाध इंटरनेट नेटवर्क शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर इंटरनेट सुविधा मिलने से जनपद के अधिक से अधिक विद्यार्थी जेईई मेन्स जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को भी समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही उन्होंने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आपसी समन्वय सुनिश्चित करने तथा विद्यालय स्तर पर आवश्यक प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ गहरवाल ने तकनीकी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी निरीक्षण एवं अध्ययन के आधार पर जिन विद्यालयों को इंटरनेट से जोड़ा जाना है, उनके लिए विकास भवन को एक केंद्रीय हब के रूप में विकसित किया जाएगा। विकास भवन से विभिन्न विद्यालयों तक अलग-अलग प्वाइंट बनाए जाएंगे और टावर के माध्यम से वायरलेस कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों तक नेटवर्क पहुंचने के बाद यह वायरलेस एवं इंट्रा-नेट आधारित प्रणाली होगी, जिससे स्थायी और निर्बाध इंटरनेट सेवा सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में शिक्षा विभाग सहित नेटवर्क एवं तकनीकी से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि तय समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से टिहरी गढ़वाल के विद्यालयों को हाई-टेक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
