राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा आज से शुरू
देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार से तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रही हैं। अपने इस प्रवास के दौरान वह हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू रविवार सुबह जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय जाएंगी, जहां सुबह लगभग 11 बजे विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

समारोह के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर में देहरादून लौटेंगी और राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी। वह यहीं रात्रि विश्राम करेंगी। सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष में विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। यह विशेष सत्र प्रातः 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा, जिसमें वह राज्य की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर अपने विचार रखेंगी।
उसी दिन दोपहर बाद राष्ट्रपति नैनीताल के लिए रवाना होंगी। शाम 5:30 बजे वह नैनीताल राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित समारोह में भाग लेंगी।अपने दौरे के अंतिम दिन, मंगलवार 4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वह बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम आश्रम में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी।
राष्ट्रपति के इस तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क मोड पर रखा गया है।
