ऋषिकेश में बंदरों का आतंक बढ़ा, लोगों में दहशत
ऋषिकेश, संवाददाता। तीर्थनगरी ऋषिकेश में बंदरों की बढ़ती संख्या अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। हरिद्वार रोड स्थित उग्रसेन नगर वार्ड नंबर-22 और ऋषि एवेन्यू सोसायटी में इन दिनों बंदरों के आतंक से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने बताया कि पिछले एक माह से क्षेत्र में बंदरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं और छतों पर सूख रहे कपड़ों को फाड़ देते हैं। इसके अलावा बिजली और वाई-फाई की केबल लाइनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई बार बंदर राह चलते लोगों के हाथों से सामान छीन लेते हैं और हमला करने की कोशिश भी करते हैं। इससे क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है। सुबह-शाम टहलने जाने वाले बुजुर्ग और स्कूल आने-जाने वाले बच्चे भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
डॉ. नेगी ने बताया कि उग्रसेन नगर वेलफेयर कल्याण समिति की ओर से पिछले माह नगर निगम ऋषिकेश को शिकायत पत्र भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।उन्होंने नगर निगम प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षेत्र में पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

