पीएम मोदी बोले देश की नई उम्मीद है जेन-Z, स्काईरूट एयरोस्पेस के ‘इंडेफिनिटी’ परिसर का किया उद्घाटन

खबर शेयर करें -

हैदराबाद: देश में उभरती तकनीकी क्षमता और नवाचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस के अत्याधुनिक ‘इंडेफिनिटी’ परिसर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्टार्टअप की उपलब्धियों की सराहना करते हुए जेन-Z पेशेवरों को देश की नई उम्मीद बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का भविष्य उन हाथों में है जो तकनीक को सिर्फ सीख नहीं रहे, बल्कि उसे नए रूप में गढ़ भी रहे हैं। उन्होंने जेन-Z इंजीनियरों, डिज़ाइनरों, कोडर्स और वैज्ञानिकों की खुलकर प्रशंसा की। पीएम मोदी के मुताबिक, “आज की जेन-Z ऊर्जा, नवाचार और साहस का नया प्रतीक है। यही पीढ़ी भारत को अंतरिक्ष तकनीक सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”

उन्होंने कहा कि स्काईरूट एयरोस्पेस जैसे भारतीय स्टार्टअप न सिर्फ देश की वैज्ञानिक क्षमता को बढ़ा रहे हैं, बल्कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बना रहे हैं। इंडेफिनिटी परिसर को भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए पीएम ने कहा कि यह देश के युवाओं के सपनों और क्षमताओं का प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान स्काईरूट द्वारा विकसित नए रॉकेट मॉडल का अनावरण भी किया गया। इस नई तकनीक को अंतरिक्ष प्रक्षेपण की लागत कम करने और वैश्विक लांच सेवाओं में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार स्टार्टअप और नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। “भारत में नवाचार की शक्ति को दुनिया पहचान रही है। आने वाले समय में अंतरिक्ष, ड्रोन, एआई, रोबोटिक्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारतीय युवा दुनिया का नेतृत्व करेंगे,” उन्होंने कहा कार्यक्रम में मौजूद स्टार्टअप के युवा इंजीनियरों व वैज्ञानिकों ने पीएम मोदी के संबोधन का उत्साह के साथ स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इन युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनका काम भारत की ‘विकसित भारत 2047’ की आकांक्षा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह कार्यक्रम न सिर्फ भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि का प्रतीक बना, बल्कि इसने जेन-Z की तकनीकी क्षमता और देश को तकनीक के नए युग में ले जाने की शक्ति को भी उजागर किया।

Ad