दीपावली पर आग से झुलसे मरीजों के इलाज की तैयारी, ऋषिकेश उपजिला अस्पताल में बनाया बर्न वार्ड

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। दीपावली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आगजनी की आशंका को देखते हुए राजकीय उपजिला चिकित्सालय ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। अस्पताल में आग से झुलसने वाले मरीजों के उपचार के लिए दो बेड का विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया है। साथ ही जरूरी दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर ली गई है।

त्योहारी सीजन में पटाखे जलाते समय लापरवाही या अन्य कारणों से आग से झुलसने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके, इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने पहले से ही व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। बर्न वार्ड में मरीजों के घावों की देखभाल और त्वचा को संक्रमण से बचाने के लिए विशेष गद्दों की व्यवस्था की गई है।

ऑक्सीजन और मॉनिटरिंग की भी सुविधा

अस्पताल में उपचार के दौरान मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर और मल्टीपैरा मॉनिटर उपलब्ध हैं। इन उपकरणों की मदद से मरीज के रक्तचाप, नाड़ी की गति और तापमान की निगरानी की जा सकती है। इसके अलावा, उपचार में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक भी जुटाया गया है।

60 प्रतिशत तक झुलसे मरीजों का हो सकता है इलाज

चिकित्सकों के अनुसार, राजकीय उपजिला चिकित्सालय में शरीर का 60 प्रतिशत तक हिस्सा झुलसने वाले मरीजों का उपचार किया जा सकता है। इससे अधिक गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर और विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाता है।

अस्पताल प्रशासन की इन तैयारियों का उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Ad