बर्फ की सफेद चादर के बीच बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की तैयारी पूरी, शीतकाल के लिए विराजेंगी मां लक्ष्मी
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की हिमालयी चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा। कपाट बंद करने से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ धाम में पंच पूजा की धार्मिक परंपराएं निभाई जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को पंच पूजा के चौथे दिन मां लक्ष्मी को भगवान नारायण के साथ शीतकाल के दौरान गर्भगृह में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मां लक्ष्मी को कढ़ाई प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने धार्मिक परंपरा के अनुसार मां लक्ष्मी से शीतकाल में भगवान बदरी विशाल के साथ गर्भगृह में विराजमान होने की प्रार्थना की।
सुबह से रात तक चलेगी कपाट बंद होने की प्रक्रिया
प्रभारी मंदिर अधिकारी राकेश सेमवाल के अनुसार, सोमवार को सुबह चार बजे भगवान बदरी विशाल की अभिषेक पूजा के साथ दिन की धार्मिक गतिविधियां शुरू होंगी। दिनभर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर खुला रहेगा। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग अर्पित किया जाएगा, जबकि शाम सात बजे नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
इसके बाद रात आठ बजे मंदिर के कपाट बंद करने से जुड़ी धार्मिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार रात 9:37 बजे भगवान बदरी विशाल के मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के साथ ही बदरीनाथ धाम में छह महीने तक चलने वाली शीतकालीन पूजा की परंपरा शुरू हो जाएगी। बर्फ से ढकी बदरीपुरी में भले ही सन्नाटा बढ़ जाएगा, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और भगवान बदरी विशाल के प्रति विश्वास का सिलसिला जारी रहेगा।


