उत्तराखंड में अब साफ रहेगा मौसम, बारिश के आसार खत्म; पहाड़ी घाटियों में छा सकता है कोहरा
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के दौर के बाद अब मौसम सामान्य होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय कोहरे की मौजूदगी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय जिलों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। पांडुकेश्वर में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि धारचूला में 10.5 मिलीमीटर बारिश हुई। खटीमा में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, मसूरी में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली।
इधर, देहरादून के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम शुष्क रहने के चलते आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।


